1. Home
  2. टेक

UPI Down : देशशभर में UPI सर्विस ठप, लोग नहीं कर पा रहे पेमेंट, NPCI ने की यह अपील

UPI Down

UPI Down : यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) सिस्टम में शनिवार को आई तकनीकी दिक्कत ने करोड़ों लोगों की डिजिटल लेन-देन प्रक्रिया को प्रभावित कर दिया। देशभर में Paytm, PhonePe और Google Pay जैसे प्रमुख पेमेंट ऐप्स पर ट्रांजैक्शन फेल होने और भुगतान अटकने की शिकायतों की बाढ़ आ गई।

इस मसले पर नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने बयान जारी कर बताया कि कुछ तकनीकी कारणों से UPI लेन-देन में रुकावट आ रही है। उन्होंने कहा, “हम मौजूदा समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह सक्रिय हैं। कुछ ट्रांजैक्शन आंशिक रूप से असफल हो रहे हैं, जिन्हें जल्द ठीक किया जाएगा। हुई असुविधा के लिए हमें खेद है।”

देश में लाखों लोग अब हर छोटी-बड़ी खरीदारी, बिल भुगतान और पैसों के ट्रांसफर के लिए UPI प्लेटफॉर्म्स पर निर्भर हैं। ऐसे में यह तकनीकी खामी अचानक लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई। दुकानों में पेमेंट रुक गए, ऑनलाइन ऑर्डर लटक गए और ट्रांजेक्शन फेल होने से ग्राहक और दुकानदार दोनों असहज नजर आए।

NPCI की अपील: वैकल्पिक तरीका अपनाएं

NPCI ने यूजर्स से आग्रह किया है कि जब तक सेवा सामान्य नहीं हो जाती, तब तक वैकल्पिक भुगतान विधियों का उपयोग करें या कुछ देर बाद दोबारा कोशिश करें। फिलहाल तकनीकी टीम सिस्टम को दुरुस्त करने में जुटी है।