35 साल का जुनून, फोटो से बनी पहचान, वाराणसी के फोटोग्राफर विजय यादव गोवर्धन पूजा के मंच पर सम्मानित

वाराणसी। गंगा किनारे रहने वाले काशी के वरिष्ठ फोटोग्राफर विजय यादव (Vijay Yadav) को पत्रकारिता क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए गोवर्धन पूजा समिति द्वारा सम्मानित किया गया। विजय यादव ने इस सम्मान को अपने माता-पिता और बाबा विश्वनाथ को समर्पित करते हुए कहा कि यह उनके आशीर्वाद और कृपा का ही परिणाम है कि कर्मभूमि कोलकाता से लौटने पर काशी में इतना स्नेह और सम्मान मिला। उन्होंने आयोजन समिति और सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया।
वाराणसी के दशाश्वमेध क्षेत्र के निवासी विजय यादव का पत्रकारिता से गहरा नाता रहा है। उनके पिता स्वर्गीय सीताराम यादव, प्रतिष्ठित अख़बार आज में कार्यरत थे। पिता प्रेरित होकर विजय यादव ने 1989 में यूनाइटेड न्यूज़ ऑफ इंडिया (UNI) से अपने करियर की शुरुआत की। उनकी लगन और प्रतिभा को देखते हुए 2005 में उन्हें वरिष्ठ फोटोग्राफर के रूप में कोलकाता भेजा गया।
अपने तीन दशक से अधिक लंबे करियर में विजय यादव ने कई ऐतिहासिक आयोजनों को अपने कैमरे में कैद किया है। उन्होंने दो क्रिकेट वर्ल्ड कप, अंडर-17 फीफा वर्ल्ड कप, और 2008 से 2024 तक हर IPL सीज़न को कवर किया। इसके अलावा वे गंगा सागर मेले जैसे प्रतिष्ठित आयोजनों की फोटोग्राफी में लगातार 20 वर्षों तक सक्रिय रहे।