शाहगंज-जौनपुर मार्ग पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, दो की मौत

जौनपुर। बीती रात थाना क्षेत्र के नौली गांव के तीन युवक तेज रफ्तार कार से एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में शाहगंज-जौनपुर मार्ग पर मनेछा बाजार के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने संतोष (28) पुत्र ललसू निवासी नौली और उज्ज्वल (16) पुत्र रतिलाल निवासी नौली को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अनुराग (14) पुत्र राजेंद्र की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक संतोष दो भाइयों और तीन बहनों में तीसरे नंबर पर था। उसकी पत्नी वंदना (25) का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की दो वर्षीय बेटी माएरा भी है। संतोष पेशे से पेंटर था और सोमवार को दिल्ली काम पर जाने वाला था।
मृतक उज्ज्वल सर्वोदय इंटर कॉलेज, खुदौली का छात्र था और तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसने इसी साल दसवीं की परीक्षा दी थी।
थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि हादसे में मृत युवकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
.webp)
