दिल्ली चुनाव के बाद AAP को फिर लगा तगड़ा झटका, 3 पार्षदों ने थामा भाजपा का दामन

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (MCD) में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) के 3 पार्षद शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए, जिससे भाजपा की स्थिति मजबूत हो गई है। भाजपा में शामिल होने वाले पार्षदों में एंड्रयूज गंज से अनीता बसोया, आरके पुरम से धर्मवीर और चपराना से निखिल शामिल हैं। भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इन पार्षदों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
AAP के कई अन्य नेता भी भाजपा में शामिल
AAP के केवल पार्षद ही नहीं, बल्कि पार्टी के 4 अन्य नेता भी भाजपा में शामिल हुए हैं। इनमें नई दिल्ली जिला अध्यक्ष रहे संदीप बसोया का नाम प्रमुख है। यह घटनाक्रम दिल्ली की राजनीतिक हलचल को और तेज कर सकता है।
MCD चुनाव में समीकरण बदला, भाजपा को फायदा?
दिल्ली नगर निगम के मेयर चुनाव अप्रैल में होने वाले हैं, और हालिया बदलावों से भाजपा की स्थिति मजबूत हो रही है। पिछली बार AAP के महेश खिंची ने भाजपा के किशन लाल को मात्र 3 वोटों से हराया था। अब AAP और भाजपा के बीच सिर्फ 3 सीटों का अंतर रह गया है, जिससे MCD में सत्ता परिवर्तन की संभावना बढ़ गई है।
AAP से भाजपा में लगातार हो रहा पलायन
इससे पहले भी दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले AAP के 6 विधायक भाजपा में शामिल हुए थे। अब पार्षदों के इस बदलाव ने भाजपा की रणनीति को और धार दे दी है। MCD में सत्ता के इस खेल पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
.webp)
