1. Home
  2. यूपी

दिल्ली अग्निकांड के बाद अलर्ट मोड में योगी सरकार, सभी होटलों और ऊंची इमारतों की होगी जांच, लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई

yogi

लखनऊ। दिल्ली के मालवीय नगर में एक रेस्टोरेंट में आग लगने की घटना के बाद उत्तर प्रदेश सरकार सतर्क हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशभर के होटलों, ऊंची इमारतों, सरकारी दफ्तरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।


मुख्यमंत्री योगी ने सभी संबंधित विभागों को प्रदेशभर में सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा है कि होटलों, ऊंची इमारतों, सरकारी कार्यालयों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए विकास प्राधिकरण, पुलिस, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और अग्निशमन विभाग को संयुक्त रूप से निरीक्षण करने को कहा गया है।


प्रदेश के सभी होटलों का सुरक्षा ऑडिट भी कराया जाएगा। प्रत्येक होटल को अग्नि सुरक्षा संबंधी जांच से गुजरना होगा और अपनी रिपोर्ट संबंधित विभागों को देनी होगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जहां भी सुरक्षा मानकों में कमी या लापरवाही मिले, वहां नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। सरकार का उद्देश्य आग जैसी घटनाओं को रोकना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।