BJP के 'आक्रोश सभा' को अजय राय ने बताया नौटंकी, बोले - हिम्मत है तो...

वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने वाराणसी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र और प्रदेश की योगी सरकार पर जमकर हमला बोला है। बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उनके खिलाफ निकाली गई 'आक्रोश सभा' का पलटवार करते हुए अजय राय ने कहा कि वे सरकार की किसी भी कार्रवाई या बैरिकेडिंग से डरने वाले नहीं हैं।
विपक्ष में आते ही हो गया अपराधी- अजय राय
अजय राय ने अपने पुराने दिनों का जिक्र करते हुए भाजपा की नीतियों पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, एक समय था जब मैं खुद भाजपा में था और सरकार में मंत्री भी रहा। तब मैं इन्हें अपराधी नहीं लगता था, लेकिन आज जैसे ही मैं विपक्ष में आ गया, मुझे अपराधी बताया जा रहा है।
हिम्मत है तो मुकदमा दर्ज कर जेल भेजे
अजय राय ने प्रदेश और केंद्र सरकार को सीधी चुनौती देते हुए भाजपा के प्रदर्शन को 'नौटंकी' बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र में सरकार आपकी है, फिर यह आक्रोश सभा निकालने की नौटंकी क्यों? अगर मैंने कोई अपराध किया है, तो सीधा मुकदमा दर्ज कराइए और मुझे जेल भेज दीजिए।
मैं किसी से डरने वाला नहीं हूं और न ही मैं कोई भगोड़ा हूं। जब तक चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पराजित नहीं कर दूंगा, तब तक चैन से बैठने वाला नहीं हूं।"l
दिल्ली अस्पताल अग्निकांड भ्रष्टाचार और लापरवाही का नतीजा
सियासी हमलों के बीच, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दिल्ली के एक अस्पताल में हुए हालिया दर्दनाक अग्निकांड पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने इस हादसे के लिए सीधे तौर पर प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने कहा, देश की राजधानी में इस तरह की घटना को उन्होंने 'बेहद शर्मनाक' और सरकार की 'अकर्मण्यता का जीता-जागता सबूत' बताया।
राय ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरी सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है। दमकल विभाग (फायर ब्रिगेड) की एनओसी और सर्टिफिकेट पैसे लेकर बांटे जा रहे हैं, जिसकी कीमत मासूमों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ रही है।
क्या है पूरा विवाद ?
गौरतलब है कि पिछले दिनों अजय राय द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर अमर्यादित टिप्पणी की गई थी।
इस टिप्पणी के विरोध में बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने वाराणसी में एक बड़ी आक्रोश सभा का आयोजन किया था और अजय राय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी। आज की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को भाजपा के उसी आक्रामक रुख के खिलाफ अजय राय के सीधे और तीखे पलटवार के रूप में देखा जा रहा है।
.webp)
