पति की मौत का गम सह न सकी पत्नी, दो घंटे बाद तोड़ा दम, एक साथ उठी दो अर्थियां

बहराइच: जिले के खैरीघाट थाना क्षेत्र के भलुहिया गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई। यहां एक सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत के महज दो घंटे बाद उनकी पत्नी ने भी वियोग में दम तोड़ दिया। घर से एक साथ दो अर्थियां उठीं तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पति की मौत के दो घंटे बाद पत्नी का निधन
गांव निवासी महेश प्रताप सिंह ने बताया कि उनके पिता जगेश्वर सिंह (78) बीते चार वर्षों से हृदय रोग से ग्रसित थे। लखनऊ के अस्पताल में इलाज चल रहा था, लेकिन 4 फरवरी को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें बहराइच मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां रविवार रात 2 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी उत्तरा देवी (75) गहरे सदमे में चली गईं। वह इस वियोग को सहन नहीं कर पाईं और सुबह 4 बजे उनका भी निधन हो गया।
परिवार में छाया मातम, एक साथ हुआ अंतिम संस्कार
जगेश्वर सिंह वर्ष 2008 में मैकूपुरवा स्थित सरकारी स्कूल से बेसिक जूनियर अध्यापक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके परिवार में दो बेटे – दिनेश और महेश, तथा तीन बेटियां – मंजू, कुसुम और सीमा हैं। माता-पिता को एक ही चिता पर मुखाग्नि देते समय परिवार का दर्द असहनीय था।
जिसने भी इस घटना के बारे में सुना, वह स्तब्ध रह गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने विधि-विधान से एक साथ दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया।
.webp)
