वाराणसी में ‘भाग्यलक्ष्मी’ ऑनलाइन जुए के नेटवर्क पर बार एसोसिएशन उपाध्यक्ष ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग, दी आंदोलन की चेतावनी

अधिवक्ता सतीश यादव का आरोप है कि शहर के कई थाना क्षेत्रों में ‘भाग्यलक्ष्मी’ के नाम से ऑनलाइन लॉटरी और सट्टा संचालित किया जा रहा है। उनका कहना है कि पुलिस द्वारा समय-समय पर छापेमारी और कार्रवाई के बावजूद ये गतिविधियां कुछ दिन बंद रहने के बाद दोबारा शुरू हो जाती हैं।
विशेश्वरगंज समेत कई इलाकों का नाम
उन्होंने विशेष रूप से विशेश्वरगंज (कोतवाली थाना क्षेत्र) में इस तरह की गतिविधियों के संचालन का आरोप लगाया है। इसके अलावा सप्तसागर, अलईपुर, पुराने पुल, पंचकोशी, चौकाघाट और दारानगर सहित अन्य क्षेत्रों में भी कथित रूप से ऑनलाइन लॉटरी नेटवर्क सक्रिय होने का दावा किया गया है।
अधिवक्ता के अनुसार, इन स्थानों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की अवैध गतिविधियां युवाओं को गलत दिशा में धकेल रही हैं।
सख्त कार्रवाई की मांग, आंदोलन की चेतावनी
सतीश यादव ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो अधिवक्ताओं और आमजन के साथ मिलकर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
फिलहाल इस संबंध में पुलिस प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामला तूल पकड़ता जा रहा है और शहर में ऑनलाइन जुए के नेटवर्क को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
.webp)
