यूपी-112 के पुलिसकर्मियों को बड़ी राहत, 12 घंटे की ड्यूटी खत्म; अब तीन शिफ्ट में होगी तैनाती

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस की इमरजेंसी रिस्पांस यूनिट यूपी-112 में तैनात चार पहिया पुलिस रिस्पांस व्हीकल (PRV) कर्मियों की ड्यूटी व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। अब इन पुलिसकर्मियों को 12-12 घंटे की दो शिफ्ट में ड्यूटी करने के बजाय 8-8 घंटे की तीन शिफ्ट में तैनात किया जाएगा।
इस संबंध में यूपी-112 मुख्यालय की ओर से 5 सितंबर को निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी के घंटों में यह बदलाव पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य, कार्यक्षमता और मनोबल को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।
क्यों बदली गई ड्यूटी की व्यवस्था?
यूपी-112 के डीजी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि किसी भी संस्था की सफलता काफी हद तक उसके फील्ड स्टाफ के मनोबल और कार्यक्षमता पर निर्भर करती है। पुलिसकर्मी शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहेंगे तो वे आपात स्थिति में लोगों को बेहतर सेवा दे सकेंगे।
मुख्यालय के मुताबिक कमिश्नरेट और जिलों में पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध है। ऐसे में चार पहिया PRV की ड्यूटी को तीन शिफ्ट में बांटना व्यावहारिक माना गया है।
थकान कम होगी, रिस्पॉन्स टाइम बेहतर होने की उम्मीद
नई व्यवस्था लागू होने से पुलिसकर्मियों को लगातार 12 घंटे की ड्यूटी से राहत मिलेगी। अधिकारियों का मानना है कि इससे उनकी थकान कम होगी और मानसिक एवं शारीरिक दबाव घटेगा।
इसका सीधा फायदा यूपी-112 की आपातकालीन सेवाओं पर भी पड़ने की उम्मीद है। कम थकान के साथ पुलिसकर्मी ज्यादा सतर्कता से काम कर सकेंगे, जिससे रिस्पॉन्स टाइम बेहतर होने और सेवा की गुणवत्ता बढ़ने की संभावना है।
डीजी यूपी-112 के मुताबिक इस बदलाव से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के साथ उनकी कार्यदक्षता में भी सुधार आएगा।
जिलों में जरूरत के हिसाब से लागू होगी व्यवस्था
मुख्यालय ने निर्देश दिया है कि कमिश्नरेट और जिला स्तर पर उपलब्ध पुलिसकर्मियों की संख्या, स्थानीय ऑपरेशनल जरूरतों और पुलिसकर्मियों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए शिफ्ट व्यवस्था तय की जाए।
यानी सभी जिलों में ड्यूटी का संचालन स्थानीय परिस्थितियों और उपलब्ध मानव संसाधन के हिसाब से किया जाएगा। नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण देना और आम लोगों को यूपी-112 की तेज एवं प्रभावी आपातकालीन सेवा उपलब्ध कराना है।
.webp)
