1. Home
  2. यूपी

बिजनौर: घरेलू कलह के चलते गर्भवती मां ने की बेटी की हत्या, फिर खुद की भी ले ली जान

बिजनौर: घरेलू कलह के चलते गर्भवती मां ने की बेटी की हत्या, फिर खुद की भी ले ली जान

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के गजरौला शिव गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। घरेलू विवाद और मानसिक तनाव के चलते 27 वर्षीय नौ माह की गर्भवती महिला ने अपनी पांच वर्षीय बेटी की हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली। इस घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है।

पति बैंक से लौटा तो मिला भयावह दृश्य

शनिवार को अश्वनी राजपूत अपनी मां के साथ प्रसव के खर्च के लिए बैंक गया था। जब वह घर लौटा, तो दरवाजा अंदर से बंद था। छत के रास्ते घर में प्रवेश करने पर उसने देखा कि पत्नी निधि और बेटी भव्या फांसी के फंदे पर झूल रहे थे। बेटी को मृत देखकर अश्वनी ने पत्नी को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घरेलू कलह और मानसिक रोग बनी वजह

पुलिस के अनुसार, महिला मानसिक रोग से पीड़ित थी और उसका लंबे समय से इलाज चल रहा था। गर्भवती होने के कारण उसका इलाज बंद कर दिया गया था। पुलिस घरेलू कलह और मानसिक स्थिति को घटना की मुख्य वजह मान रही है।

परिवार में बेटे के जन्म की आस थी, लेकिन इस घटना ने सभी खुशियां छीन लीं। निधि के गर्भ में नौ माह का बच्चा भी इस दुनिया में आने से पहले ही दम तोड़ गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। अश्वनी और पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


जिस घर में किलकारियां गूंजने वाली थीं, वहां अब सिसकियां सुनाई दे रही हैं। इस दुखद घटना ने पूरे गांव को शोक में डाल दिया है।