Abu Azmi पर भड़के CM योगी तो अवधी में अखिलेश ने किया पलटवार, कहा - ऊ का औरन के इलाज करे जो खुदए…

महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अबू आजमी (Abu Azmi) अपने हालिया बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। उन्होंने मुगल शासक औरंगजेब को महान शासक बताते हुए उसकी तारीफ की, जिससे सियासी भूचाल आ गया। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने अपना बयान वापस ले लिया, लेकिन अब इस मुद्दे पर बयानबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है।
सीएम योगी का हमला: ‘सपा औरंगजेब को मानती है आदर्श’
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अबू आजमी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी औरंगजेब को अपना आदर्श मानती है। उन्होंने कहा,"उस कमबख्त को पार्टी से बाहर निकालिए और नहीं तो यूपी भेज दीजिए। यूपी ऐसे लोगों का उपचार अच्छे से करता है।"
सीएम योगी के इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गरमा गया।
अखिलेश यादव का अवधी में पलटवार
सीएम योगी के बयान के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने अप्रत्यक्ष रूप से उन पर निशाना साधा। उन्होंने अवधी में पोस्ट करते हुए लिखा,"जब आपन कुर्सी हिले तभए मन का आपा खोए, ऊ का औरन के इलाज करे जो खुदए बीमार होए।"
हालांकि, अखिलेश ने सीधे तौर पर किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी इस टिप्पणी को सीएम योगी के बयान से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे पहले भी अखिलेश, अबू आजमी के विधानसभा से निलंबन के विरोध में बयान दे चुके हैं।
अबू आजमी को अखिलेश का समर्थन
अबू आजमी के निलंबन पर अखिलेश यादव ने कहा कि अगर विचारधारा के आधार पर किसी को निलंबित किया जाने लगा तो अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और परतंत्रता में फर्क ही खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा, "हमारे विधायक और सांसद बेखौफ दानिशमंद हैं। अगर लोग सोचते हैं कि निलंबन से सच की जुबान पर लगाम लगाई जा सकती है, तो यह उनकी नकारात्मक सोच का बचपना है।"
इसके साथ ही उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा, "आजाद ख़्याल कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!"
अबू आजमी का विवादित बयान: ‘औरंगजेब महान प्रशासक था’
अबू आजमी ने अपने बयान में कहा था कि इतिहास को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा,"औरंगजेब ने कई मंदिरों का निर्माण कराया था, वह क्रूर शासक नहीं था। उसके शासन में जनता का पैसा लूटकर खुद के लिए इस्तेमाल नहीं किया गया। उसका शासन म्यांमार तक फैला हुआ था, और उस समय भारत को सोने की चिड़िया कहा जाता था। उसकी सेना में कई हिंदू कमांडर भी थे।"
अबू आजमी के इस बयान के बाद महाराष्ट्र में राजनीतिक घमासान मच गया।
डिप्टी सीएम शिंदे ने की देशद्रोह का मुकदमा चलाने की मांग
अबू आजमी के बयान पर महाराष्ट्र सरकार में डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अबू आजमी पर देशद्रोह का मुकदमा चलाया जाना चाहिए। शिंदे ने यह भी कहा,यह पहली बार नहीं है जब अबू आजमी ने औरंगजेब की तारीफ की है। 2023 में भी उन्होंने ऐसा बयान दिया था, जिसके बाद उन्हें जान से मारने की धमकी भी मिली थी।"
अबू आजमी के इस बयान ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है और सत्तारूढ़ दलों द्वारा उन पर लगातार निशाना साधा जा रहा है।
.webp)
