1. Home
  2. यूपी

सूर्या हत्याकांड पर CM योगी का सख्त संदेश, बोले- दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी बर्दाश्त नहीं​​​​​​​

CM Yogi

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद के चर्चित सूर्या हत्याकांड को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि दोस्ती की आड़ में की गई हिंसा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोमवार को बिजनौर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई अपने बच्चों को सही रास्ता नहीं दिखा पा रहा है, तो यह समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अहिंसा और करुणा मानवता के आभूषण हैं, लेकिन जब समाज में दुर्जन प्रवृत्तियां बढ़ने लगें तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई जरूरी हो जाती है। उन्होंने भगवान कृष्ण के उपदेशों का उल्लेख करते हुए कहा कि सज्जनों के साथ सज्जनता और दुर्जनों के साथ आवश्यकतानुसार कठोरता बरतनी चाहिए।

गोहत्या और बकरीद के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर गोमाता की तस्वीर लगाकर बकरीद की शुभकामनाएं देते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश में गोहत्या किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि गोमाता के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ गंभीर परिणाम ला सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति और आस्था का केंद्र है और उसे किसी सरकारी घोषणा की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग गोहत्या को बढ़ावा देते हैं, वही अब गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग कर रहे हैं।

बांग्लादेश और पाकिस्तान में हिंदुओं की स्थिति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां हिंदू समुदाय के साथ हुए अत्याचारों पर कुछ तथाकथित धर्मगुरुओं ने कभी आवाज नहीं उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत विरोधी गतिविधियों पर भी कई लोग मौन रहते हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हुए विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज, हाईवे, रेलवे परियोजनाएं और पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाएं प्रदेश के विकास की नई तस्वीर पेश कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि अब किसी भी भर्ती प्रक्रिया में भाई-भतीजावाद की कोई गुंजाइश नहीं है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बिजनौर के अफजलगढ़ क्षेत्र में पाकिस्तान से विस्थापित 1,645 हिंदू परिवारों और 50 पूर्व सैनिकों को भूमि के पट्टे वितरित किए। उन्होंने कहा कि सरकार विस्थापित परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास के लिए प्रतिबद्ध है।

गौरतलब है कि गाजियाबाद में 28 मई को बकरीद के दिन सूर्या नामक युवक की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने 31 मई को मुठभेड़ में मार गिराया था। मामले में उसके पिता नवाब समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। प्रशासन ने आरोपी के घर को अवैध कब्जे की जमीन पर बना बताते हुए नोटिस भी जारी किया है।