16 जनवरी से कांग्रेस चलाएगी 'जय बापू, जय मंडल, जय भीम' अभियान, दलित और वंचित समुदायों पर करेगी फोकस

Congress Jai Bau, Jai Manadal, Jai Bhim Jansanparak Abhiyan : उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने सामाजिक न्याय के एजेंडे को धार देने और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की नई रणनीति अपनाई है। पार्टी 16 से 31 जनवरी तक "जय बापू, जय मंडल, जय भीम जनसंपर्क अभियान" (Jai Bau, Jai Manadal, Jai Bhim Jansanparak Abhiyan) चलाएगी। इस अभियान का उद्देश्य पिछड़ों, अति पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के बीच कांग्रेस की पकड़ मजबूत करना है।
जातीय गोलबंदी पर जोर
पिछड़ा वर्ग विभाग, अल्पसंख्यक कांग्रेस और मछुआरा कांग्रेस को इस अभियान की जिम्मेदारी दी गई है। पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि प्रदेश में सियासी बदलाव के मद्देनजर जातीय गोलबंदी और वंचित समुदायों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के दौरान "गुलामगिरी" पुस्तक की 140वीं वर्षगांठ भी मनाई जाएगी।
दलित और वंचित समुदायों पर फोकस
मछुआरा कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र निषाद ने बताया कि अभियान का पूरा फोकस दलित और वंचित जातियों को एकजुट करने पर है। पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि सपा और बसपा के आधार वोटबैंक को अपनी ओर खींचने से ही कांग्रेस को आगामी लोकसभा चुनाव में सफलता मिल सकती है।
इंडिया गठबंधन की दरारों से बढ़ी चुनौती
लोकसभा चुनाव के बाद क्षेत्रीय दलों के बदलते समीकरणों ने कांग्रेस की चुनौती बढ़ा दी है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की राहें अलग हो चुकी हैं, जबकि सपा ने आम आदमी पार्टी को समर्थन दिया है। ऐसे में कांग्रेस उत्तर प्रदेश में सामाजिक न्याय के मुद्दे को प्रमुख बनाकर अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है।
इस अभियान के जरिए कांग्रेस सामाजिक न्याय के एजेंडे को धार देकर दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समुदायों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
.webp)
