Ghazipur : गंगा में नहाते समय तीन लड़कियां डूबी, तलाश जारी

गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह 6:15 बजे लीलापुर-अमवाघाट के पास गंगा नदी में नहाते समय तीन लड़कियां डूब गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचे और डूबी हुई लड़कियों की तलाश शुरू की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी का पता नहीं चल पाया।
करंडा थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान पूनम यादव (18) पुत्री रामबचन, रोली यादव (16) पुत्री राजदेव और खुशी यादव (14) पुत्री बबलू के रूप में हुई है। तीनों अपने गांव की अन्य महिलाओं और लड़कियों के साथ स्नान करने आई थी, लेकिन गहरे पानी में चले जाने से यह हादसा हुआ।
बताया गया है कि तीनों लड़कियों के घर में दीवाली की तैयारी चल रही थी और स्नान के बाद छोटी दीवाली का पूजन होना था। इस हादसे से तीनों परिवारों में गहरी शोक और कोहराम मच गया है।