पत्नी से झगड़े के बाद आगबबूला हुआ पिता,14 माह के मासूम को सड़क पर पटका

Gorkhpur News : गोरखपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां पत्नी से झगड़े के बाद गुस्से में आए एक पिता ने अपने 14 माह के बेटे को सड़क पर पटक दिया। इस दर्दनाक घटना में बच्चे के सिर की दो हड्डियां टूट गई हैं और उसे गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल की आईसीयू में भर्ती कराया गया है। घटना बुधवार सुबह 11 बजे की है, जब पति-पत्नी अपने विवाद को लेकर एम्स थाने पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, नंदानगर दरगहिया निवासी आकाश पासवान और उसकी पत्नी बबिता के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। इस दौरान दोनों अपने बेटे गूग्गू को लेकर थाने पहुंचे थे। थाने में जब बहस तेज हो गई, तो आकाश ने बच्चे को उसकी दादी को देने का बहाना बनाकर बबिता से ले लिया और थाने से बाहर निकल गया। कुछ ही देर बाद बाहर से बच्चे के जोर-जोर से रोने की आवाज आई। बबिता और पुलिसकर्मी बाहर भागे तो देखा कि बच्चा सड़क पर पड़ा तड़प रहा है।
वहाँ मौजूद चश्मदीदों ने बताया कि आकाश ने ही गुस्से में आकर मासूम को जमीन पर फेंक दिया। पुलिस ने तुरंत आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया। वहीं घायल बच्चा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है।
बबिता ने बताया कि ढाई साल पहले उसकी शादी आकाश से हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद उसे पता चला कि आकाश शराब पीने का आदी है और अक्सर उसके साथ मारपीट करता है। बुधवार सुबह भी उसने बबिता की पिटाई की थी, जिसके बाद वह थाने में शिकायत दर्ज कराने आई थी।
बबिता के भाई ने भी अस्पताल पहुंचकर बताया कि आकाश कई बार उसकी बहन के साथ मारपीट कर चुका है। वहीं, आकाश के माता-पिता भी अस्पताल पहुंचे और बेटे की इस शर्मनाक हरकत पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वे बहू और बेटे दोनों को समझाएंगे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल बच्चे की मां अस्पताल में है और बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है। आरोपी पिता से पूछताछ जारी है और तहरीर मिलने के बाद उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
.webp)
