1. Home
  2. यूपी

IPS Rajeev Krishna : जानें कौन हैं राजीव कृष्ण, जिन्हें बनाया गया यूपी का नया DGP

UP NEW DGP

UP New DGP Rajiv Krishna : उत्तर प्रदेश को अपना नया पुलिस महानिदेशक मिल गया है। राज्य सरकार ने 1991 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्ण (Rajiv Krishna) को यूपी पुलिस का नया DGP नियुक्त किया है। अब तक वे डीजी विजिलेंस और उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे थे।

राजधानी लखनऊ के निवासी राजीव कृष्ण को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भरोसेमंद अधिकारी माना जाता है। उनके नेतृत्व में कई तकनीकी बदलाव हुए हैं, जैसे "ऑपरेशन पहचान" के जरिए अपराधियों की पहचान और निगरानी को आसान बनाया गया। इसके अलावा, उन्होंने ई-मालखाना, ऑनलाइन केस मैनेजमेंट और डिजिटल पुलिसिंग को बढ़ावा देकर यूपी पुलिस को आधुनिक बनाने की दिशा में अहम योगदान दिया।

इंजीनियरिंग से आईपीएस तक का सफर

राजीव कृष्ण का जन्म 20 जून 1969 को हुआ था। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में स्नातक की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने यूपीएससी की तैयारी की और 1991 में सफलता पाकर आईपीएस बने।

1993 में कंफर्मेशन के बाद उनका पहला प्रमोशन 1995 में सीनियर स्केल में हुआ। फिर 2007 में डीआईजी, 2010 में आईजी, 2016 में एडीजी, और मार्च 2024 में डीजी बनाए गए। हाल ही में, उन्हें पेपर लीक मामलों से निपटने के लिए एक विशेष भूमिका सौंपी गई थी, जिसे उन्होंने कुशलता से निभाया।

राजीव कृष्ण के नेतृत्व में अब यूपी पुलिस से अपराध नियंत्रण, टेक्नोलॉजी के बेहतर इस्तेमाल और पुलिसिंग के नए मानक स्थापित करने की उम्मीद की जा रही है।