Kanpur: CM योगी की सुरक्षा में बड़ी चूक, हेलीपैड पर स्वागत के लिए पहुंचे दो अनजान शख्स

कानपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) की सुरक्षा में गंभीर चूक का मामला सामने आया है। मंगलवार को कानपुर दौरे के दौरान, जब मुख्यमंत्री पुलिस लाइन स्थित हेलिपैड पर पहुंचे, तो दो ऐसे व्यक्ति उनके स्वागत में शामिल हो गए, जिनका नाम पूर्व निर्धारित सूची में नहीं था। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों और भाजपा नेताओं ने जांच शुरू कर दी है, और दोनों व्यक्तियों की पहचान की जा रही है।
कैसे हुई सुरक्षा चूक?
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी के स्वागत के लिए 36 लोगों की सूची तैयार की गई थी। लेकिन इस सूची में शामिल न होने के बावजूद रवि प्रताप और ईशान मल्होत्रा नामक दो व्यक्ति हेलिपैड पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि इन दोनों के नाम अंतिम समय में जोड़े गए थे, लेकिन पार्टी नेताओं और पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं दी गई थी। मामला उजागर होते ही सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया और जांच शुरू कर दी गई।
भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया
भाजपा के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने इस घटना को गंभीर सुरक्षा चूक करार दिया है। उन्होंने कहा कि हेलिपैड पर इन दो अनजान लोगों की मौजूदगी सवाल खड़े करती है और इसकी विस्तृत जांच की जाएगी। पार्टी जिलाध्यक्षों को भी इस मामले की पड़ताल करने के निर्देश दिए गए हैं।
.webp)
