लखीमपुर खीरी में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक-मैजिक की जोरदार भिड़ंत, 9 लोगों की मौत

जानकारी के मुताबिक हादसा सुबह करीब 7:30 बजे पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर अदलीसपुर गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे मैजिक वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। मैजिक में दो महिलाओं समेत कुल 10 लोग सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक वाहन करीब 10 फीट तक घिसटता चला गया। वाहन के आगे और पीछे बैठे कई यात्रियों के सिर फट गए, जबकि एक व्यक्ति का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कुछ लोग सीटों के बीच फंस गए और दो यात्री उछलकर सड़क पर जा गिरे।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मैजिक वाहन लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रहा था, तभी बहराइच की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
ट्रक कब्जे में, चालक की तलाश जारी
खमरिया के सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। वहीं, सीएचसी खमरिया के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार सिंह के मुताबिक हादसे के बाद कुल 10 लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से 9 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।
डॉक्टरों के अनुसार कई शव बुरी तरह कुचल गए थे। एक गंभीर घायल को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मृतकों की पहचान और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
.webp)
