1. Home
  2. यूपी

बलरामपुर में बड़ा सड़क हादसा: ट्रक-बस की जोरदार टक्कर के बाद लगी आग, 3 की मौके पर मौत, 24 यात्री झुलसे

...

यूपी के बलरामपुर में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेपाल बॉर्डर के पास सुनौली से दिल्ली जा रही बस (UP 22 AT 0245) को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस करीब 100 मीटर तक घिसटती हुई हाईटेंशन लाइन के खंभे से जा टकराई। खंभा टूटकर बस पर गिरा और करंट फैलते ही बस में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई।

45 यात्रियों में से 3 की मौत, 24 गंभीर रूप से झुलसे

बस में उस समय 45 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश नेपाल के नागरिक थे। हादसे में 3 लोगों की जलकर मौत हो गई। 24 यात्री झुलस गए, जिनमें 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है गंभीर घायलों को बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। बस के चालक और कंडक्टर का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।

घटना का दर्दनाक मंजर

टक्कर के बाद बस में आग इतनी तेजी से फैल गई कि लोग बाहर निकलने के लिए शीशे तोड़कर कूदने लगे। मौके पर चीख-पुकार का माहौल बन गया। बाहर निकले यात्रियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीमों ने पहुंचकर बस की आग बुझाई, फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला और राहत और बचाव कार्य चलाया। आग बुझने के बाद बस से 3 शव बरामद हुए, जिनमें से दो पूरी तरह जल चुके थे।

ट्रक में भी लगी आग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक (UP 21 DT 5237) में गर्म कपड़े लदे थे। टक्कर के बाद इसमें भी आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास मौजूद लोग भी दहशत में आ गए। हादसा कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के फुलवरिया बाईपास पर रात करीब ढाई बजे हुआ।