1. Home
  2. यूपी

उन्नाव एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसा : बिहार जा रही डबल डेकर AC बस पलटी, दरोगा-कैदी समेत 6 यात्रियों की मौत

...

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में मंगलवार तड़के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार जा रही डबल डेकर AC बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दरोगा और कैदी समेत 6 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 3 पुलिसकर्मियों सहित 21 लोग घायल हो गए।

हादसा औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 262 के पास सुबह करीब 5 बजे हुआ। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को झपकी आने की वजह से बस से नियंत्रण खो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी और अचानक डिवाइडर से टकराने के बाद किनारे लगी रेलिंग पर लटक गई।

हादसा इतना भयावह था कि कई यात्री बस की खिड़कियों से नीचे एक्सप्रेस-वे के किनारे जा गिरे। एक यात्री का पैर कटकर अलग हो गया। मौके पर चीख-पुकार मच गई।

दरोगा और कैदी की भी गई जान

मृतकों में Siwan पुलिस लाइन में तैनात दरोगा रामचंद्र राम (59) और गुरुग्राम निवासी कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर (59) शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक सीवान पुलिस की टीम 24 मई को कैदी को पेशी के लिए गुरुग्राम लेकर गई थी और वापस लौट रही थी।

इसके अलावा मृतकों में सुरेश कुमार जायसवाल निवासी मुंडेरा बाजार (गोरखपुर), विदेशी गुप्ता निवासी मदपुर (गोरखपुर) और विजय कुमार निवासी फारेसन गोविंदपुर (बस्ती) की पहचान हुई है। एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

27 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

हादसे के बाद स्थानीय लोग और पुलिस राहत-बचाव में जुट गए। 6 से 7 एंबुलेंस की मदद से कुल 27 घायलों को पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा और घायल दर्द से कराहते रहे।

डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल 20 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए King George's Medical University ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। एक महिला को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान

मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने हादसे का संज्ञान लेते हुए दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए और सभी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

प्रत्यक्षदर्शियों ने सुनाई हादसे की भयावह कहानी

घायल यात्री बृजेश कुमार ने बताया कि वह हरियाणा के बल्लभगढ़ के रहने वाले हैं और रात में बस में सो रहे थे। अचानक जोरदार झटका और धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। होश आने पर उन्होंने खुद को अस्पताल में पाया।

वहीं हादसे में घायल सिपाही रामजी ने बताया कि सभी यात्री गहरी नींद में थे। अचानक जोरदार आवाज हुई और बस पलट गई। बाद में पता चला कि उनके साथ यात्रा कर रहे दरोगा और कैदी की मौत हो चुकी है।

एक स्थानीय प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि सुबह टहलने के दौरान उन्हें जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। पीछे मुड़कर देखा तो बस दुर्घटनाग्रस्त थी और यात्री खिड़कियों से नीचे गिर रहे थे। कुछ लोग शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे।

एक्सप्रेस-वे पर लगा लंबा जाम

हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस हटवाकर रास्ता साफ कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।