1. Home
  2. यूपी

पेपर लीक और परीक्षा धांधली के खिलाफ सड़क पर उतरीं पल्लवी पटेल, प्रदर्शन से पहले पुलिस ने लिया हिरासत में

FFFF

वाराणसी । NEET समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और धांधली के विरोध में सोमवार को अपना दल कमेरावादी की शीर्ष नेता और सिराथू विधायक  पल्लवी पटेल के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारी काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के मुख्य द्वार से प्रधानमंत्री के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे, तभी पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया और पल्लवी पटेल समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
 

प्रदर्शन के दौरान छात्र-युवाओं ने NEET पेपर लीक, लेखपाल भर्ती परीक्षा में धांधली और यूपीएसआई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग उठाई । प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि NEET पेपर लीक की जांच सीबीआई और न्यायिक निगरानी में कराई जाए, लेखपाल भर्ती परीक्षा दोबारा कराई जाए और यूपीएसआई परीक्षा का स्कोर कार्ड जल्द जारी किया जाए।
 

BHU मुख्य द्वार पर जुटे कार्यकर्ताओं और छात्रों ने हाथों में तख्तियां और तिरंगा लेकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने पेपर लीक के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और दोषी अधिकारियों पर सख्त कदम उठाने की मांग की।
 

पल्लवी पटेल ने कहा कि शिक्षा और रोजगार आज देश का सबसे बड़ा मुद्दा है। पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था से ही युवाओं को अवसर मिल सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों पर गंभीर नहीं है।
उन्होंने कहा कि अगर पेपर लीक और परीक्षा में धांधली नहीं रुकी तो युवा अब चुप नहीं बैठेंगे और इसके खिलाफ आर-पार की लड़ाई होगी।

पल्लवी पटेल
विधायक, अपना दल कमेरावादी