1. Home
  2. यूपी

Google Map पर भरोसा एक बार फिर पड़ा महंगा! नहर में गिरी कार

Google Map पर भरोसा एक बार फिर पड़ा महंगा! नहर में गिरी कार

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में गूगल मैप (Google Map) के गलत दिशा-निर्देश के चलते एक और बड़ा हादसा हुआ। इज्जत नगर थाना क्षेत्र के पीलीभीत रोड पर गूगल मैप के सहारे सफर कर रहे तीन लोगों की कार कलापुर नहर में जा गिरी। घटना के समय कार में सवार तीनों लोगों की जान बच गई। कार को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया।

गूगल मैप पर भरोसा बना खतरनाक

इज्जत नगर थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि औरैया निवासी दिव्यांशु और उनके दो साथी टाटा टियागो कार में यात्रा कर रहे थे। गूगल मैप के निर्देशों का पालन करते हुए वे पीलीभीत की ओर जा रहे थे। कलापुर नहर के पास सड़क कट चुकी थी, जिसके कारण कार नहर में पलट गई।

24 नवंबर को हुई थी दर्दनाक घटना

यह कोई पहली घटना नहीं है। 24 नवंबर को भी बरेली में गूगल मैप की वजह से एक दर्दनाक हादसा हुआ था। बदायूं के दातागंज से बरेली के फरीदपुर जा रहे तीन लोगों की कार अधूरे पुल से नीचे गिर गई थी। उस हादसे में तीनों की मौत हो गई थी।

प्रशासन की लापरवाही भी उजागर

अधूरे पुल पर संकेतक या अवरोधक न होने के कारण पीडब्ल्यूडी की लापरवाही भी सामने आई थी। इस मामले में पांच इंजीनियरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने गूगल को भी नोटिस जारी किया है।