1. Home
  2. यूपी

सिर पर पट्टी, गले में तख्ती लेकर पहुंचे सपा विधायक सचिन यादव, विधानसभा से पूरे मानसून सत्र के लिए किया गया निलंबित

...

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक सचिन यादव को अनुशासनहीनता और सदन की कार्यवाही में बाधा डालने के आरोप में पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने यह कार्रवाई उस समय की, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भाषण के दौरान सचिन यादव ने पोस्टर दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया और हंगामा शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि स्पीकर ने पहले उन्हें कई बार शांत रहने की चेतावनी दी, लेकिन उनके नहीं मानने पर निलंबन का फैसला लिया गया। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि भविष्य में इस तरह का व्यवहार दोहराया गया तो उनकी सदस्यता तक रद्द करने पर विचार किया जा सकता है।

सिर पर पट्टी और गले में तख्ती पहनकर पहुंचे थे सदन

मंगलवार को सचिन यादव सिर पर पट्टी और गले में तख्ती पहनकर विधानसभा पहुंचे थे। उनकी पट्टी पर लिखा था, "FIR नहीं, संवाद करो।" इसके जरिए वह सरकार से नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं से बातचीत करने की मांग कर रहे थे।

पहले भी रहे हैं चर्चा में

सचिन यादव अपने आक्रामक विरोध प्रदर्शन के लिए पहले भी चर्चा में रहे हैं। वह समाजवादी पार्टी के युवा नेताओं में गिने जाते हैं और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के करीबी नेताओं में उनकी पहचान मानी जाती है।

कौन हैं सचिन यादव?

सचिन यादव फिरोजाबाद जिले की जसराना विधानसभा सीट से पहली बार 2022 में विधायक चुने गए थे। उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा से वर्ष 2009 में एमए की पढ़ाई पूरी की। उनके पिता वीरपाल सिंह यादव भी समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे हैं। उनकी पत्नी व्यवसायी हैं।

2022 में दर्ज की थी जीत

2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सचिन यादव ने समाजवादी पार्टी के टिकट पर जसराना सीट से चुनाव जीता था। उन्हें 1,08,289 वोट मिले थे। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार मानवेंद्र लोधी को 836 मतों के अंतर से हराया था। अब विधानसभा में विरोध प्रदर्शन को लेकर हुई कार्रवाई के बाद वह एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में हैं।