शाहजहांपुर: शक के चलते सैन्यकर्मी ने पत्नी को मारी गोली, बीच-बचाव में आई साली हुई घायल

शाहजहांपुर के कलान थाना क्षेत्र के छिदकुरी गांव में रविवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। छुट्टी पर घर आए सैन्यकर्मी अरविंद सिंह यादव ने अपनी पत्नी मंजू यादव (35) की गोली मारकर हत्या कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने आई 16 वर्षीय साली संगीता भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना का कारण और गिरफ्तारी
जांच में पता चला कि आरोपी अरविंद को अपनी पत्नी मंजू पर शक था, जिसके चलते उनके बीच अक्सर विवाद होते थे। घटना की रात अरविंद ने पत्नी को वीडियो कॉल कर दरवाजा खोलने के लिए कहा। दरवाजा खुलने पर दोनों के बीच बहस हुई, जिसके बाद अरविंद ने पिस्टल से मंजू पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। मंजू के पेट और हाथ में गोलियां लगीं, जबकि साली संगीता के सीने में गोली लगी।
पुलिस ने आरोपी को सोमवार रात अटैना घाट के पास से गिरफ्तार कर लिया और वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद कर ली।
मंजू की मौत, साली की हालत गंभीर
परिजन घायल मंजू और संगीता को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मंजू को मृत घोषित कर दिया। संगीता की हालत अभी गंभीर बनी हुई है।
मासूम बच्चे हुए बेसहारा
मंजू की मौत के बाद उसके तीन छोटे बच्चे—कृष्णा (8 वर्ष), यति (5 वर्ष), और सूर्यांश (3 वर्ष)—बेसहारा हो गए हैं। घटना के बाद बच्चे गहरे सदमे में हैं।
परिवार ने दर्ज कराया मुकदमा
मृतका के भाई कुलदीप ने आरोपी अरविंद, उसके भाई सौरभ और मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस के मुताबिक, पत्नी पर शक के चलते अरविंद और मंजू के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। मंजू ने पति के साथ ससुराल जाने से इनकार कर दिया था, जिससे नाराज होकर अरविंद ने इस वारदात को अंजाम दिया।
.webp)
