सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के चाचा राजपाल सिंह यादव का निधन, लंबे समय से थे बीमार

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के चाचा राजपाल सिंह यादव (Rajpal Singh Yadav) का गुरुवार तड़के निधन हो गया। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में लंबे समय से उनका इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि सुबह 4 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। राजपाल सिंह यादव का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव सैफई में किया जाएगा।
सपा नेता रामगोपाल यादव ने जताया शोक
राजपाल सिंह यादव के निधन पर सपा नेता और उनके भाई रामगोपाल यादव ने गहरा दुख प्रकट किया है। रामगोपाल यादव ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, "यह बेहद दुखद है कि मेरे छोटे भाई राजपाल सिंह का आज सुबह 4 बजे मेदांता अस्पताल, गुड़गांव में असामयिक निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर बाद सैफई में होगा। प्रभु उनकी आत्मा को शांति दें और उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें। ॐ शांति।"
लंबे समय से चल रहे थे बीमार
राजपाल यादव पिछले कुछ समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उन्हें बेहतर इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन गुरुवार तड़के उनकी हालत बिगड़ गई और उनका निधन हो गया। उनके निधन से पूरे यादव परिवार और समाजवादी पार्टी में शोक का माहौल है।
सैफई में अंतिम संस्कार की तैयारी
गुरुग्राम से राजपाल यादव के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव सैफई ले जाया जाएगा। वहां अंतिम दर्शन के लिए उनके शव को कुछ समय के लिए रखा जाएगा। हालांकि, उनके अंतिम संस्कार का समय अभी स्पष्ट नहीं है। यादव परिवार के लोग और समाजवादी पार्टी के नेता सैफई पहुंच रहे हैं।
यादव परिवार में शोक
राजपाल यादव, मुलायम सिंह यादव के चार भाइयों में से एक थे। वह मुलायम सिंह से छोटे और शिवपाल यादव से बड़े थे। यादव परिवार में उनका अहम स्थान था। उनके बेटे अंशुल यादव सक्रिय राजनीति में हैं और लगातार दूसरी बार निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष बने हैं।
राजपाल यादव की पत्नी प्रेमलता यादव ने 2005 में राजनीति में कदम रखा था। वह यादव परिवार की पहली महिला थीं जो राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय हुईं। बाद में शिवपाल सिंह यादव की पत्नी सरला यादव, अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव और प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव भी राजनीति में शामिल हुईं।
राजपाल सिंह यादव के निधन से यादव परिवार और समाजवादी पार्टी को एक बड़ी क्षति हुई है। उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
.webp)
