1. Home
  2. यूपी

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसा : ट्रेलर में घुसी स्विफ्ट डिजायर, दो बच्चियों समेत 5 की जान गई

...

उत्तर प्रदेश के Azamgarh में शनिवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार खड़े ट्रेलर में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चियां शामिल हैं।

यह हादसा कंधरापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 238 माइलस्टोन के पास दोपहर करीब 3 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार की रफ्तार करीब 135 किलोमीटर प्रति घंटा थी। तेज स्पीड के कारण ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में जा घुसी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सभी शवों को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार कोई भी व्यक्ति जीवित नहीं बचा।

कार पूरी तरह हुई तबाह

टक्कर इतनी जोरदार थी कि सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार का अगला हिस्सा और छत पूरी तरह पिचक गई। कार का केबिन और सीटें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। क्षतिग्रस्त वाहन को हटाने के लिए मौके पर बड़ी क्रेन बुलानी पड़ी।

पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस को मौके से मनीष श्रीवास्तव नाम की एक आईडी मिली है। इसमें एक पता Faridabad और दूसरा Siwan का दर्ज है। पुलिस दोनों पतों के आधार पर मृतकों की पहचान कराने की कोशिश कर रही है। फरीदाबाद वाले पते पर पहुंचने पर घर बंद मिला, जबकि सिवान पुलिस से भी संपर्क किया गया है।

ट्रेलर पर था राजस्थान नंबर

जिस ट्रेलर से कार टकराई, उस पर राजस्थान का नंबर दर्ज था। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

एसपी ट्रैफिक Pankaj Kumar Srivastava ने बताया कि डायल-112 से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। सभी मृतकों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।