MP में दर्दनाक ट्रेन हादसा: मोबाइल ब्लास्ट की अफवाह के बाद ट्रेन से उतरकर भागे यात्री, दूसरी ट्रेन ने रौंदा, 4 की मौत

मृतकों में मेरठ निवासी कंचन सिंह (25), आगरा के रुनकता क्षेत्र की शकुंतला सिंह (60), आगरा निवासी आफरीन (35) और उनका चार वर्षीय बेटा असद शामिल हैं। आफरीन और असद मां-बेटे थे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल अंतर्गत हेतमपुर और धौलपुर स्टेशन के बीच अलार्म चेन पुलिंग (ACP) के कारण सुबह करीब 4:15 बजे रुक गई थी। इसी दौरान एक कोच में मोबाइल ब्लास्ट होने की अफवाह फैल गई, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अफवाह फैलते ही कई यात्री बिना स्थिति की पुष्टि किए ट्रेन से नीचे उतर गए। कुछ लोग घबराहट में पास की अप लाइन पर पहुंच गए। उसी समय गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी, जिसकी चपेट में आने से चार यात्रियों की मौत हो गई।
बागेश्वर धाम से लौट रही एक यात्री पूजा ने बताया कि मोबाइल ब्लास्ट की बात सुनते ही कोच में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन रुकते ही लोग जान बचाने के लिए नीचे उतरने लगे और कई यात्री रेलवे ट्रैक की ओर भाग गए।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और यात्रियों से अपील की गई है कि किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें तथा आपात स्थिति में रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें।
.webp)
