UP IAS Transfer : उत्तर प्रदेश में 16 आईएएस अधिकारियों का ट्रांसफर, छह जिलों के बदले DM

UP IAS Transfer : उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश की नौकरशाही में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए मंगलवार को 16 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस फेरबदल के तहत अयोध्या, अमेठी, इटावा, बदायूं, कन्नौज और चंदौली समेत छह जिलों के जिलाधिकारी बदले गए हैं। यह बदलाव प्रशासनिक कार्यक्षमता को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है।
अयोध्या के डीएम का तबादला, चंदौली से नया जिलाधिकारी
अयोध्या के जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह को अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह चंदौली के डीएम निखिल टीकाराम फुंडे को अयोध्या का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
अमेठी, इटावा, कन्नौज, बदायूं में भी बदलाव
अमेठी की जिलाधिकारी निशा को राष्ट्रीय आयुष मिशन में मिशन निदेशक के पद पर भेजा गया है। बदले में सहारनपुर के नगर आयुक्त संजय चौहान को अमेठी का नया डीएम बनाया गया है।
इटावा के जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय को बदायूं का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, कन्नौज के डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल को इटावा भेजा गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव और राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के अपर निदेशक आशुतोष मोहन अग्निहोत्री को कन्नौज का नया डीएम बनाया गया है।
अन्य प्रमुख प्रशासनिक बदलाव
- बदायूं की डीएम निधि श्रीवास्तव को विशेष सचिव, उच्च शिक्षा विभाग के पद पर स्थानांतरित किया गया है।
- चंदौली के लिए प्रयागराज के नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग को नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
- प्रयागराज के नगर आयुक्त पद की जिम्मेदारी अब जौनपुर के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सीलम साईं तेजा को सौंपी गई है।
- जौनपुर में सीडीओ के रूप में गोरखपुर की संयुक्त मजिस्ट्रेट मृणाली अविनाश जोशी को भेजा गया है।
- सहारनपुर के नए नगर आयुक्त के रूप में विशेष सचिव, उच्च शिक्षा विभाग शिपू गिरी की नियुक्ति की गई है।
- उत्तर प्रदेश रेरा (भूसंपदा विनियामक प्राधिकरण) के सचिव के रूप में राष्ट्रीय आयुष मिशन के मिशन निदेशक महेंद्र वर्मा की तैनाती हुई है।
- गौतमबुद्धनगर में राज्यकर विभाग में अपर आयुक्त के पद पर मुजफ्फरनगर के सीडीओ संदीप भागिया को भेजा गया है।
- मुजफ्फरनगर के लिए मेरठ के संयुक्त मजिस्ट्रेट कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण को नया सीडीओ नियुक्त किया गया है।
- ऊर्जा विभाग में प्रतीक्षारत राजकुमार प्रथम को विशेष सचिव के पद पर तैनात किया गया है।
.webp)
