महिला मोर्चा की UP प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रीति उपाध्याय ने की चिराग पासवान से मुलाकात, संगठन विस्तार को लेकर हुई अहम चर्चा

नई दिल्ली/लखनऊ। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रीति उपाध्याय ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री माननीय चिराग पासवान से पंचशील भवन स्थित मंत्रालय में शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात महिला कार्यकर्ताओं के अधिवेशन के उपरांत संपन्न हुई, जिसमें संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई।
डॉ. प्रीति उपाध्याय ने मंत्री चिराग पासवान का पारंपरिक रूप से गुलदस्ता भेंट कर व मुकुट पहनाकर भव्य स्वागत किया। उन्होंने पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए बताया कि महिला मोर्चा उत्तर प्रदेश के पूर्वी ज़ोन के 21 जिलों में संगठन विस्तार की दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
चिराग पासवान ने महिला मोर्चा की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक जल्द से जल्द मजबूती प्रदान की जाए ताकि आगामी विधानसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश की 50 सीटों पर प्रभावी ढंग से चुनाव लड़ा जा सके।
डॉ. उपाध्याय ने बताया कि महिला मोर्चा "हर बूथ मज़बूत" की नीति पर काम कर रहा है। आगामी विधानसभा चुनावों में 24 लोकसभा और 130 विधानसभा सीटों पर महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी महिलाओं को संगठन में उचित प्रतिनिधित्व देने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि अधिक से अधिक महिला प्रतिनिधि यूपी विधानसभा में पहुँच सकें।