UP Weather Update : घने कोहरे और बारिश का अलर्ट! वज्रपात की चेतावनी, कई जिलों में उड़ानें लेट

UP Weather Update : उत्तर प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में घने कोहरे और गलन भरी हवाओं के कारण लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। सुबह की शुरुआत कोहरे के साथ हुई, जिससे दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से कुछ राहत मिली।
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए बुंदेलखंड और आगरा क्षेत्र के 16 जिलों में गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा 18 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट और 42 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वज्रपात और कोहरे की चेतावनी
वज्रपात की संभावना:
बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक और वज्रपात का खतरा है।
घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट:
देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और अन्य जिलों में घने कोहरे की चेतावनी है।
विमानों की उड़ानें प्रभावित
मंगलवार को अमौसी एयरपोर्ट पर कोहरे की वजह से 18 उड़ानें प्रभावित हुईं। जेद्दा जाने वाला विमान एसवी 893 साढ़े सात घंटे की देरी से उड़ान भर सका। हैदराबाद, मस्कट, रियाद और मुंबई जाने वाली फ्लाइट्स भी एक-एक घंटे की देरी से रवाना हुईं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में यह बदलाव हो रहा है। घने कोहरे और पछुआ हवाओं के कारण ठंड का असर अगले कुछ दिनों तक बना रहेगा।
लोगों को सलाह दी गई है कि सावधानी बरतें, खासकर वज्रपात की चेतावनी वाले इलाकों में। मौसम की जानकारी पर ध्यान देते हुए यात्रा की योजना बनाएं।
.webp)
