1. Home
  2. यूपी

UP Weather Update : यूपी में भीषण गर्मी का कहर, प्रयागराज सबसे गर्म, IMD ने कई जिलों में जारी किया लू का येलो अलर्ट

Weather

UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। अप्रैल के तीसरे सप्ताह की शुरुआत के साथ ही सूरज की तपिश ने प्रदेशवासियों को बेहाल कर दिया है। सोमवार को प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी के साथ मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में लू की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

प्रदेशभर में पारा 40 के पार, लू से बेहाल लोग

सोमवार को यूपी के कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में कैद कर दिया। दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के अनुसार, आने वाले तीन दिनों में तापमान और बढ़ेगा और लू की स्थिति और गंभीर हो सकती है। मंगलवार को पारा 43 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।

प्रदेश के सात सबसे गर्म शहर इस प्रकार रहे:

प्रयागराज: 44.3 डिग्री

वाराणसी (बीएचयू): 43.4 डिग्री

हमीरपुर: 43.4 डिग्री

झांसी: 43.1 डिग्री

चुर्क: 42.8 डिग्री

आगरा: 42.5 डिग्री

अलीगढ़: 41.4 डिग्री


लखनऊ में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड, दिन के साथ रात भी रही गर्म

राजधानी लखनऊ में भी गर्मी का सितम कम नहीं रहा। सोमवार को लखनऊ में दिन का अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक था। यह इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। गर्मी सिर्फ दिन तक सीमित नहीं रही, बल्कि रातें भी अब सामान्य से अधिक गर्म हो गई हैं। सोमवार की रात का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.8 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया।

तेज गर्मी के साथ बिजली बिल भी जलाने लगा जेब

भीषण गर्मी के बीच एक और झटका प्रदेशवासियों को बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी से लगा है। बीते पांच वर्षों में पहली बार उत्तर प्रदेश में बिजली की दरें बढ़ाई गई हैं। इसके चलते आम उपभोक्ताओं को अब हर महीने ज्यादा बिजली बिल चुकाना पड़ेगा। बढ़ी हुई दरें ऐसे समय में लागू हुई हैं जब एसी, कूलर और पंखों का उपयोग चरम पर है।

वैज्ञानिकों का अनुमान: राहत की कोई उम्मीद नहीं

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले पांच दिनों तक तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी और देखने को मिल सकती है। इस दौरान गर्म हवाएं यानी लू चलने की संभावना बनी रहेगी। उन्होंने लोगों को दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

सावधान रहें, लू से बचने के लिए अपनाएं ये उपाय:

हल्के और ढीले कपड़े पहनें।

बाहर निकलने से पहले सिर को ढंक लें।

पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।

धूप में बाहर जाने से बचें, खासकर दोपहर के समय।

बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।