वाराणसी: निर्माणधीन अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में ठेका दिलाने के नाम पर 25 लाख की ठगी, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज

पीड़ित राजेश सोनकर ने बताया कि करीब दो साल पहले उनकी मुलाकात आरोपी प्रवीण कुमार मिश्रा से हुई थी। प्रवीण ने खुद को स्टेडियम का निर्माण कर रही कंपनी का अधिकारी बताया और मिट्टी पटाई का काम दिलाने का झांसा दिया। झांसे में आकर पीड़ित ने आरोपी को बैंकिंग माध्यम से 19 लाख रुपये और 6 लाख रुपये नकद, यानी कुल 25 लाख रुपये दे दिए।
समय बीतने पर जब पीड़ित को न तो ठेका मिला और न ही रकम वापस हुई, तो उन्होंने अपने पैसे मांगे। इस पर आरोपी ने जो चेक दिए, वे भी बैंक में बाउंस हो गए।
आरोप है कि दोबारा रकम मांगने पर प्रवीण कुमार मिश्रा ने पीड़ित के साथ गाली-गलौज की, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया।
पुलिस ने लोगों को सतर्क किया है कि, किसी भी सरकारी या निजी कार्य का ठेका लेने के नाम पर बिना आधिकारिक और कानूनी दस्तावेजों के रुपयों का लेन-देन बिल्कुल न करें। ठगी का शिकार होने पर तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 या साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।
.webp)
