वाराणसी : बनियापुर गांव में दो शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के बनियापुर गांव में गुरुवार को दो लोगों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना स्थल के पास सल्फास का पैकेट मिलने से मामला और भी रहस्यमय हो गया है। पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति का शव कमरे के अंदर पड़ा मिला, जिसके सिर से खून निकल रहा था। वहीं दूसरे व्यक्ति का शव बाथरूम में बरामद हुआ। दोनों शवों के पास से सल्फास का पैकेट भी मिला है। मृतकों में एक की पहचान अभिजीत गांगुली के रूप में हुई है, जबकि दूसरे व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही चोलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इसके बाद एसीपी, डीसीपी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों व्यक्ति शराब पीने के आदी थे। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
घटना के बाद गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन जुट गए। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
.webp)
