1. Home
  2. वाराणसी

यूपी में आंधी-बारिश से 50 मौतें, अखिलेश यादव ने सरकार पर उठाए सवाल– राहत सिर्फ कागज़ों में...

Akhilesh Yadav

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बीते दिनों आई तेज़ आंधी, बारिश और वज्रपात ने कहर बरपा दिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेशभर में अब तक 50 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, सैकड़ों घर उजड़ गए हैं और जनजीवन अस्त-व्यस्त है। लेकिन इस भीषण प्राकृतिक आपदा के बीच सरकारी राहत और बचाव कार्यों की धीमी रफ्तार को लेकर विपक्ष ने योगी सरकार पर तीखे सवाल खड़े किए हैं।

अखिलेश यादव का हमला– सरकार ज़मीन पर नहीं...

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सरकार की कार्यशैली को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "सरकार का सारा काम सिर्फ रिपोर्टों और विज्ञापनों तक सीमित है। ज़मीन पर न कोई राहत कैंप लगा है, न पीड़ितों को कोई मदद मिली है। लोग मर रहे हैं, घर उजड़ गए हैं, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।

उन्होंने मांग की कि पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता दी जाए, और जिनके घर तबाह हो गए हैं, उनके लिए रहने की व्यवस्था की जाए।

कांग्रेस ने भी साधा निशाना, ज़िलाध्यक्षों को किया सतर्क

अखिलेश यादव के बयान के बाद राज्य की राजनीति गर्मा गई है। कांग्रेस पार्टी ने भी सरकार पर हमला बोलते हुए प्रदेश के सभी जिलाध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे पीड़ित परिवारों की मदद में जुट जाएं।

कांग्रेस प्रवक्ता सुरेन्द्र राजपूत ने कहा,"सरकार और भाजपा दोनों ही आपदा के समय नदारद हैं। लेकिन कांग्रेस सेवा की राजनीति करती है और हर ज़रूरतमंद के साथ खड़ी रहती है।"

"अगर ये राजनीति है, तो हम यही करेंगे" – समाजवादी नेता

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता उदयवीर सिंह ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सिर्फ विज्ञापनों और आयोजनों में दिखाई देते हैं, लेकिन जब जनता पर संकट आता है, तब गायब हो जाते हैं। "अगर पीड़ितों की आवाज़ उठाना राजनीति है, तो हां, हम यही राजनीति करेंगे। हमारी पार्टी अमीर नहीं है, लेकिन कार्यकर्ताओं के सहयोग से हम जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं। भाजपा को बताना चाहिए कि उन्होंने कितनों की मदद की है?"

उन्होंने यह भी कहा कि अब तक एक भी राहत शिविर नहीं लगाया गया और न ही कोई भाजपा नेता प्रभावित इलाकों में नज़र आया।