1. Home
  2. वाराणसी

महाकुंभ के पलट प्रवाह के बाद वाराणसी में हादसों को दावत: गंगा में ओवरलोड नौका डूबी, बचाए गए 60


वाराणसी। मान मंदिर घाट के सामने शुक्रवार को बड़ी दुर्घटना होते- होते टल गई। नदी में यात्रियों से भरी एक नाव पलट गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीम तुरंत बचाव कार्य के लिए रवाना हुई। बताया जा रहा है कि नाव में करीब 60 लोग सवार थे।

बड़ी नाव की टक्कर से डूबी छोटी नाव

जानकारी के अनुसार, एक बड़ी नाव ने छोटी नाव को टक्कर मार दी, जिससे छोटी नाव संतुलन खो बैठी और पलट गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों ने लाइफ जैकेट पहन रखे थे, जिससे वे पानी में तैरते रहे। स्थानीय नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

महाकुंभ के पलट प्रवाह के बाद वाराणसी में हादसों को दावत: गंगा में ओवरलोड नौका डूबी, बचाए गए 60

एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान तेज कर दिया। यात्रियों को सुरक्षित घाट के किनारे लाया गया। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है और नाव संचालन में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

उड़ीसा से आए यात्री पुनन्द राव ने बताया कि हम सभी 60 लोग सवार नाव पर सवार थे, जिसमें महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल रहे। हम सभी ने लाइफ जैकेट पहना था, सभी को NDRF और और स्थानीय नाविकों ने रेस्क्यू कर लिया।

स्थानीय नाविकों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला

स्थानीय नाविकों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ी दुर्घटना टल गई। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और नाविकों को सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी गई है।