1. Home
  2. वाराणसी

ED की बड़ी कार्रवाई : सपा नेता विनय शंकर तिवारी के 10 ठिकानों पर रेड, 1129 करोड़ के बैंक फ्रॉड में चार्जशीट तैयार

ED

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और चिल्लूपार के पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जांच एजेंसी ने देशभर में फैले उनके 10 ठिकानों पर एक साथ रेड डाली। यह छापेमारी लखनऊ, गोरखपुर, नोएडा और मुंबई समेत कई शहरों में की गई।

मनी लॉन्ड्रिंग केस में चार्जशीट लगभग तैयार

सूत्रों के अनुसार, ईडी ने विनय शंकर तिवारी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग और बैंक धोखाधड़ी के गंभीर आरोपों में चार्जशीट तैयार कर ली है, जिसे जल्द ही संबंधित अदालत में दाखिल किया जाएगा।

1129 करोड़ की क्रेडिट सुविधा और 754 करोड़ का नुकसान

ईडी की जांच में सामने आया है कि विनय तिवारी की कंपनी गंगोत्री एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने अपने प्रमोटरों और गारंटरों के साथ मिलकर बैंक ऑफ इंडिया की अगुवाई में सात बैंकों के समूह से 1129.44 करोड़ रुपये की क्रेडिट सुविधा हासिल की थी।

इसके बाद इस भारी-भरकम रकम को फर्जी कंपनियों के खातों में ट्रांसफर कर गबन किया गया, जिससे बैंकों को कुल 754.24 करोड़ रुपये का घाटा हुआ।

पहले भी हुई है करोड़ों की संपत्ति जब्त

इससे पहले नवंबर 2023 में ईडी ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए विनय तिवारी की 72.08 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की थी। साथ ही गोरखपुर, लखनऊ और महराजगंज में स्थित उनकी 27 संपत्तियों को सील किया गया था। इनमें कृषि भूमि, आवासीय भूखंड, व्यावसायिक इमारतें और अन्य रियल एस्टेट संपत्तियां शामिल थीं।

सीबीआई की जांच से शुरू हुई कार्रवाई

इस घोटाले की शुरुआत बैंक समूह द्वारा दर्ज की गई शिकायत से हुई थी। इसके बाद सीबीआई मुख्यालय ने केस दर्ज किया और फिर ईडी ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत विनय तिवारी, उनकी कंपनी और अन्य जुड़े लोगों के खिलाफ जांच शुरू की।