1. Home
  2. वाराणसी

UP Startup Policy : बीएचयू के अटल इनक्यूबेशन सेंटर के तीन स्टार्टअप्स को मिला लाखों का अनुदान

BHU

वाराणसी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के अटल इनक्यूबेशन सेंटर - महामना फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप (AIC-MFIE-IM-BHU) ने एक और उपलब्धि हासिल की है। केंद्र से जुड़े तीन स्टार्टअप्स— कोबरा ऑनलाइन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, कंक्रीड सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड और बाबा की बगिया वेदांत प्राइवेट लिमिटेड — को उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति 2020 (UP Startup Policy 2020) के तहत कुल लाखों रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ है।

स्टार्टअप कोबरा ऑनलाइन सर्विसेज को ₹7,87,500, जबकि कंक्रीड सॉल्यूशंस और बाबा की बगिया वेदांत को ₹4,50,000-₹4,50,000 की राशि स्वीकृत हुई है। इन तीनों स्टार्टअप्स को अटल इनक्यूबेशन सेंटर की ओर से शुरू से ही जरूरी मार्गदर्शन, रणनीतिक सलाह और नेटवर्किंग का मजबूत सहयोग दिया गया।

केंद्र के प्रभारी प्रो. पी. वी. राजीव के नेतृत्व में स्टार्टअप्स को सही दिशा मिली और वे नवाचार के क्षेत्र में मजबूत पहचान बनाने में सफल रहे।

विशेष रूप से कोबरा ऑनलाइन सर्विसेज के संस्थापक मृत्युंजय सिंह साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में अत्याधुनिक समाधान विकसित कर रहे हैं, जो भारत में डिजिटल सुरक्षा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में बड़ा कदम है।

अटल इनक्यूबेशन सेंटर बीएचयू का लगातार प्रयास है कि नवाचार, स्टार्टअप्स और उद्यमशीलता को बढ़ावा देकर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जाए। आने वाले समय में भी केंद्र नए स्टार्टअप्स को सपोर्ट कर देश और प्रदेश में नवाचार का नया इतिहास रचने के लिए प्रतिबद्ध है।