Varanasi : बनास अमूल डेयरी में बहन को नौकरी दिलाने के नाम पर CPCB वैज्ञानिक से 5.9 लाख की ठगी, FIR दर्ज

वाराणसी। शहर में एक और साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB), नई दिल्ली के वैज्ञानिक राहुल कुमार वर्मा से 5.9 लाख रुपये की ठगी की गई। ठग ने खुद को नौकरी दिलाने वाला बताकर बनास अमूल डेयरी में उनकी बहन की नौकरी लगाने का झांसा दिया।
नकली ज्वाइनिंग लेटर और फर्जी आईकार्ड दिए
राहुल कुमार वर्मा, जो वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के खिल्लीपुर गांव के निवासी हैं, ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी मुलाकात बाबतपुर क्षेत्र में अखिलेश कुमार नामक व्यक्ति से हुई थी। बातचीत के दौरान अखिलेश ने दावा किया कि वह उनकी बहन को बनास अमूल डेयरी में आसानी से नौकरी दिला सकता है, लेकिन इसके लिए कुछ पैसे खर्च करने होंगे।
राहुल ने उस पर भरोसा कर यूपीआई और बैंक माध्यम से कुल 5.9 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपी ने उन्हें बनास डेयरी का ज्वाइनिंग लेटर और एक आईडी कार्ड सौंपा। जब राहुल अपनी बहन के साथ तय तिथि पर बनास डेयरी पहुंचे तो वहां के प्लांट इंचार्ज आलोक मनी मिश्रा ने दस्तावेजों को फर्जी बताया और ठगी की आशंका जताई।
फोन कर गुमराह करता रहा आरोपी
घटना सामने आने के बाद जब राहुल ने अखिलेश से संपर्क किया तो वह बार-बार बहाने बनाने लगा। पहले कहा कि वह घर पर नहीं है, फिर व्हाट्सऐप कॉल पर बात करके कुछ देर में आने की बात कहता रहा। बाद में उसने कहा कि सब दस्तावेज असली हैं और वह आकर ज्वाइनिंग करवा देगा। लेकिन उसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।
FIR दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
राहुल पहले फूलपुर थाने पहुंचे, लेकिन वहां थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने उन्हें डीसीपी गोमती जोन के पास जाने की सलाह दी। इसके बाद राहुल ने डीसीपी प्रमोद कुमार को प्रार्थना पत्र सौंपा। डीसीपी के आदेश पर पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है।
फूलपुर एसओ ने बताया कि राहुल की शिकायत पर IPC की धारा 318(2), 336(3) और 338 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और कॉल डिटेल्स व ट्रांजैक्शन हिस्ट्री खंगाल रही है।
.webp)
