Ballia Double Murder Case : मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में घायल

Balia Double Murder Case : बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र के कोटवा नारायणपुर स्थित सिकंदरपुर गांव में हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शिवम राय नामक इस आरोपी को शुक्रवार सुबह बघौना गांव के पास मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शराब भट्टी विवाद में हत्या
सिकंदरपुर गांव में शराब भट्टी पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था, जहां बदमाशों ने चाकू और कुल्हाड़ी से हमला कर प्रशांत गुप्ता और गोलू वर्मा की हत्या कर दी थी। इस घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एनएच-31 जाम कर दिया। अगले दिन पीड़ित परिवारों ने आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने और मुआवजे की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
नेताओं का जुटा जमावड़ा
घटना की गंभीरता को देखते हुए सांसद सनातन पांडेय, विधायक संग्राम सिंह यादव समेत कई नेता गांव पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। वहीं, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई
एसपी द्वारा गठित विशेष पुलिस टीम ने मामले में जांच के बाद दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। उनकी निशानदेही पर बघौना गांव में आरोपी शिवम राय की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने हमला करने की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई। गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
दूसरे आरोपी की तलाश जारी
मुख्य आरोपी शिवम राय को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। वहीं, इस हत्याकांड में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़कर कानून के हवाले किया जाएगा।
.webp)
